पंचकूला जिले के पिंजौर-सुखोमाजरी बाईपास पर एक कैंटर और बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की पहचान शमी (30) निवासी गांव वासुदेवपुरा के रूप में हुई है। शमी कबाड़ फेरी का काम करता है और वह कबाड़ खरीदने के लिए बाइक से निकला था। हादसे में उसके मुंह और कंधों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के समय शमी के पिता गोलू राम पास की दुकान पर बैठे थे। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और अपने बेटे को खून से लथपथ पाया। स्थानीय लोगों ने शमी को पहले सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। शमी फिलहाल पीजीआई में उपचाराधीन है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। शमी शादीशुदा है और उसके चार बच्चे (दो लड़कियां, दो लड़के) हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी कैंटर ड्राइवर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और इलाज की मांग की है।
Source: Source