हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर ब्लॉक स्थित कोना गांव के जंगल में 26 खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने घटनास्थल से कटी हुई खैर की लकड़ी बरामद कर ली। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही कथित तस्कर वहां से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी लकड़ी को ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहे थे। वन विभाग ने मौके से कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। जांच के दौरान तस्करों द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन का नंबर भी मिला है। इसी आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मोरनी वन मंडल के अधिकारियों ने बताया कि जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। विभाग ने कहा कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का प्रयास जारी है।
Source: Source