हरियाणा के पानीपत में सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उग्राखेड़ी गांव के पास मंगलवार रात हुई। मृतक की पहचान निंबरी स्थित दत्ता कॉलोनी निवासी सुमित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमित ग्राहक को सामान पहुंचाकर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में अंधेरे के कारण वह सड़क पर अचानक आई भैंस को नहीं देख पाया। बाइक की भैंस से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुमित की शादी छह महीने पहले ही हुई थी, जिससे परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को हादसों का बड़ा कारण बताया है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे पशुओं की व्यवस्था करने की मांग की है।
Source: Source