पानीपत के जिमखाना क्लब में उद्योगपतियों और HSVP व नगर निगम अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्यमियों ने सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से माल की आवाजाही प्रभावित होती है। व्यापारियों ने बिजली के अनियोजित और लंबे कटों से उत्पादन प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक की शुरुआत में HSVP के XEN के समय पर नहीं पहुंचने पर चेंबर प्रधान विनोद धमीजा ने नाराजगी जताई। करीब एक घंटे बाद XEN बैठक में पहुंचे। उद्योगपतियों ने कहा कि बार-बार बैठकों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन की बचत के लिए कॉमन बॉयलर स्थापित करने की मांग भी उठाई गई। उद्यमियों के अनुसार, इससे छोटे और मध्यम उद्योगों पर अलग-अलग बॉयलर लगाने का खर्च कम हो सकता है। अधिकारियों ने समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान का आश्वासन दिया।
Source: Source