पानीपत के भैंसवाल रोड स्थित श्री लक्ष्मी धागा गोदाम में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। गोदाम में खेल रही तीन बच्चियों पर ऊपर रखे भारी धागे के बंडल अचानक गिर गए। हादसे में दो बच्चियों की मौके पर ही दम घुटने और चोट लगने से मौत हो गई। एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। मृत बच्चियों की पहचान साढ़े चार वर्षीय प्रयगा और ढाई वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। तीसरी बच्ची रोशनी का इलाज चल रहा है। बताया गया कि तीनों के माता-पिता उसी गोदाम में मजदूरी करते थे। हादसे के समय बच्चे परिसर में खेल रहे थे। भारी बंडल गिरते ही चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बच्चियों को निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Source: Source