हरियाणा के पलवल जिले में साइबर ठगी के चार अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों से कुल 4,75,596 रुपये की धोखाधड़ी की गई। साइबर थाना पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों ने क्रेडिट कार्ड बनवाने, मोबाइल टावर लगवाने, फर्जी चालान लिंक और ऑनलाइन लहंगा बेचने के नाम पर लोगों को निशाना बनाया। किशोरपुर गांव के सतीश कुमार को 16 अक्टूबर को क्रेडिट कार्ड बनवाने का लालच दिया गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। पलवल निवासी रोहित शर्मा से मोबाइल टावर लगवाने के नाम पर 2,12,670 रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने उनसे सर्वे शुल्क और रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे जमा करवाए थे। तीसरे मामले में गोरैला मोहल्ले के जय प्रकाश को 7 अगस्त को आरटीओ चालान का फर्जी लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और खाते से तीन किस्तों में 92,997 रुपये निकाल लिए गए। चौथे मामले में गदपुरी गांव की सविता साइबर ठगी का शिकार हुईं। उन्होंने यूट्यूब पर लहंगे का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर करने की कोशिश की थी। इस दौरान ठगों ने ऑर्डर लॉगिन, गलत पेमेंट और अन्य शुल्कों के नाम पर उनसे पैसे ऐंठ लिए। सविता के बैंक खाते से कुल 69,929 रुपये की धोखाधड़ी की गई। चारों घटनाओं में ठगी के तरीके अलग-अलग थे, लेकिन सभी मामलों में ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की पहचान तथा ठगी गई रकम से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही है।
Source: Source