पलवल पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मार्च महीने में हुई लाखों की लूट के मामले में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद आमिर उर्फ समीर को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गौरतलब है कि 11 मार्च को बदमाशों ने हथियार के बल पर कार सवार भाइयों को बंधक बनाकर 30 किलो चांदी और 8 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। पुलिस अब तक इस मामले में मास्टरमाइंड निसार, आसिफ, इमरान सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने अब तक लूटी गई कुल 30 किलो चांदी में से 21 किलो चांदी और 8 लाख रुपये में से 70 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल चोरी की ईको गाड़ी समेत अन्य वाहन और हथियार भी पुलिस ने जब्त किए हैं। सीआईए टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में लूट की साजिश और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारियां मिल रही हैं।
Source: Source