पलवल पुलिस ने छज्जूनगर गांव में एक महिला की हत्या के मामले में दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 13 दिसंबर 2023 की रात तेज संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी। पीड़ित जितेंद्र अपने परिवार के साथ घर के बाहर नाच-गा रहे थे। इसी दौरान आरोपी चंद्रपाल ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की तो अन्य आरोपी हथियारों के साथ पहुंच गए। आरोपियों के पास बंदूक, पिस्टल, लोहे की रॉड, सरिया और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार थे। उन्होंने घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से हमला किया। इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित की बहन सुमरन पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी नेत्रपाल और अतुल फरार चल रहे थे। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ ने नेत्रपाल को दो दिन पहले गिरफ्तार किया, जबकि सीआईए पलवल ने अतुल को दबोच लिया। पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी है। सीआईए ने एक अन्य मोबाइल दुकान पर हमले और लूट के मामले में भी एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
Source: Source