पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर सुजानपुर पुल नंबर-4 के पास एक दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने रात के समय परचून और बीड़ी-सिगरेट की दुकान के ताले तोड़ दिए। शटर उठाकर अंदर घुसे चोर गल्ले में रखी नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। दुकान मालिक सोनू को सुबह करीब 6 बजे चोरी की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ले से करीब 7 से 8 हजार रुपये की नकदी ले गए। इसके अलावा बीड़ी और सिगरेट के महंगे स्टॉक पर भी हाथ साफ कर दिया। दुकानदार के अनुसार, इस वारदात में उन्हें करीब 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
Source: Source