पठानकोट के सिविल अस्पताल के पास स्थित मुख्य बाजार में युवकों की हिंसक झड़प से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि नशा छुड़ाओ केंद्र में आने वाले युवक रोजाना बाजार में हंगामा करते हैं। बुधवार सुबह दो गुटों के बीच लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और युवकों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। घटना में कुछ युवक घायल हो गए और इलाके में दहशत फैल गई। एक घायल युवक खून से लथपथ हालत में पास के लहंगा स्टोर में घुसने की कोशिश करने लगा। दुकानदारों ने तुरंत दुकान का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद युवक ने दुकान के बाहर रखी डमी और कीमती लहंगों पर अपने खून से सने हाथ और सिर पोंछ दिए। इससे दुकान में रखे कपड़े खराब हो गए और डमी भी टूट गई। दुकानदारों के अनुसार उन्हें करीब 10 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। बाजार के व्यापारियों ने कहा कि सुबह से ही युवकों के झुंड यहां जमा हो जाते हैं। महिलाओं और लड़कियों में डर का माहौल है क्योंकि दुकानों में अधिकतर महिला स्टाफ काम करता है। दुकानदारों का कहना है कि लगातार गाली-गलौज और पत्थरबाजी से ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। व्यापारियों ने बड़े हादसे की आशंका भी जताई है। घटना के बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। दुकानदारों ने प्रशासन से स्थायी समाधान और बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो वे बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
Source: Source