पंजाब के पटियाला जिले के गांव रामनगर में वक्फ बोर्ड की करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि 96 बीघे से अधिक जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की गई। दिल्ली निवासी पट्टाधारक की शिकायत पर पंजाब पुलिस के एक एएसआई समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन की सरकारी पैमाइश के बाद लौटते समय उन पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन वक्फ बोर्ड की संपत्ति घोषित है और इसका एक हिस्सा वर्ष 2024-25 के लिए पट्टे पर दिया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने जमीन की घेराबंदी के लिए खंभे और तार लगवाए थे। बाद में मौके पर पहुंचने पर उन्हें यह सामान उखड़ा हुआ मिला। इसके बाद वक्फ बोर्ड ने प्रशासन से जमीन की निशानदेही कराने की मांग की। 22 जून को अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराई गई। शिकायत है कि दोबारा घेराबंदी शुरू करने पर आरोपियों ने विरोध किया और गाली-गलौज की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कानून के अनुसार सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
Source: Source