पंजाब में निकाय चुनाव के नतीजे 29 मई (कल) आएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने पहली बार लोगों को घर बैठे नतीजे देखने की सुविधा दी है। इसके लिए https://sec.punjab.gov.in/en/ वेबसाइट पर एक लिंक जारी किया जाएगा। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और दोपहर 12 बजे तक साफ तस्वीर आने की उम्मीद है। जैसे-जैसे वार्डों के राउंड पूरे होंगे, लिंक पर परिणाम दिखने लगेंगे। 26 मई को 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 21 नगर पंचायतों (कुल 104 निकायों) के लिए मतदान हुआ था। चुनाव आयोग ने 115 मतगणना केंद्र बनाए हैं, जिन्हें त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। प्रत्येक केंद्र पर 10 से 14 टेबल लगाई गई हैं, और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना होगी। केवल पास धारक उम्मीदवार और एजेंट ही केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश कर सकेंगे। सभी काउंटिंग सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे और भारी पुलिस बल तैनात है। राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने बताया कि काउंटिंग स्टाफ को अंतिम रिहर्सल करा दी गई है। पिछली बार के मुकाबले इस बार मतदान 9.59% कम रहा, जिससे राजनीतिक दलों की टेंशन बढ़ गई है। वोटिंग के दौरान कई जगह हिंसक झड़पें, पथराव और लाठीचार्ज की घटनाएं भी हुई थीं। आयोग ने कहा कि पारदर्शी मतगणना के लिए सभी इंतजाम पूरे हैं। अब कल सुबह प्रदेश को नए निकायों के चुनाव परिणामों का इंतजार रहेगा।
Source: Source