पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर रिहौड़ गांव के पास बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार आठ मजदूर घायल हो गए। इनमें तीन मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। पांच मजदूरों को हल्की चोटें बताई गई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली मौली के एक पोल्ट्री फार्म से खाद लेकर पंजाब के हरिपुर हिंदुआ गांव जा रही थी। रात करीब 9 बजे टांगरी नदी का पुल पार करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर हाईवे से हटवाया। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी इलाके में दो दिन पहले भी एक बस पलट गई थी। बस हटाने के दौरान दो कारों की टक्कर भी हुई थी, हालांकि उसमें कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ था। लोगों ने रिहौड़ से मौली चौकी तक हाईवे के डिवाइडर पर पर्याप्त लाइटें नहीं होने की शिकायत की है। उनका कहना है कि रात में अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सड़क और डिवाइडर समझने में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की है।
Source: Source