हरियाणा के पंचकूला में सिंगर रॉकी मित्तल के घर से तीन एयर कंडीशनर चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रॉकी मित्तल ने बताया कि वह सेक्टर-15 स्थित अपने घर से शिफ्ट हो चुके थे। शिफ्टिंग के दौरान घर में तीन एसी रह गए थे, जिन्हें अगले दिन ले जाना था। आरोप है कि रात में चोर एसी के बाहरी और अंदरूनी उपकरण निकालकर ले गए। मौके पर केवल एसी के बाहरी कवर मिले हैं। मित्तल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के दौरान उनके बेटे को संतोषजनक जवाब नहीं मिला। रॉकी मित्तल ने कहा कि यदि दो दिन में चोर गिरफ्तार नहीं हुए और सामान बरामद नहीं हुआ तो वह थाने में धरना देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।
Source: Source