अमृतसर में होटल के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मजीठा रोड पुलिस ने करीब एक महीने बाद दोनों आरोपियों को काबू किया। आरोपियों के पास से दो पिस्टल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चब्बा गांव निवासी सतनाम सिंह और राजप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से हत्या का मामला दर्ज है। मामले में बताया गया कि सतनाम सिंह होटल में वैलेट पार्किंग ड्राइवर के तौर पर काम करता था। नौकरी से निकाले जाने के बाद उसे शक था कि उसे हटवाने में होटल कर्मचारी सरप्रीत की भूमिका थी। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। 24 जून की शाम होटल के बाहर कहासुनी के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इस घटना में सरप्रीत के दोस्त नरेंद्र सिंह के पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source