हरियाणा के नारनौल साइबर थाना पुलिस ने 1.18 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जोधपुर निवासी दिव्यांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगों के लिए कमीशन के आधार पर अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करता था। ठगी की रकम में से एक लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पहले गिरफ्तार आरोपियों से बड़ी संख्या में मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए थे। मामला टेलीग्राम टास्क फ्रॉड से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता को ऑनलाइन काम और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बनाया गया था। पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कुल 1.18 करोड़ रुपये जमा कर दिए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। साइबर थाना पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच कर रही है।
Source: Source