हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र में एक ही रात में पांच वाहनों की बैटरियां चोरी होने का मामला सामने आया है। सिलारपुर और गुजरवास गांव में चोरों ने तीन पिकअप गाड़ियों, एक ट्रैक्टर और एक ट्रक को निशाना बनाया। सिलारपुर निवासी अजयपाल उर्फ विजयपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके कुएं पर आरओ वाटर प्लांट लगा हुआ है। प्लांट के पास खाली जगह में उनकी तीन पिकअप गाड़ियां खड़ी थीं। रात के दौरान अज्ञात चोर तीनों वाहनों की बैटरियां निकालकर ले गए। इस चोरी से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। अजयपाल को बाद में पता चला कि उनके पड़ोसी मनीराम के ट्रैक्टर की बैटरी भी चोरी हो गई है। आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने पर गुजरवास निवासी धर्मेंद्र सिंह के ट्रक की बैटरी चोरी होने की बात सामने आई। शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरी की सभी घटनाएं एक ही रात में हुईं, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अजयपाल ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी हुई बैटरियां बरामद कराने की मांग की है। अटेली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच एएसआई सतबीर को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है।
Source: Source