लुधियाना के डेहलों थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि लड़की को शादी का झांसा देकर भगाया गया। शिकायत के अनुसार घर से सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। पिता ने बताया कि घटना के समय वह पत्नी को दवाई दिलाने डेहलों गए हुए थे। घर लौटने पर कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला और पेटी खुली थी। छोटे बच्चे ने बताया कि कुछ युवक मोटरसाइकिल पर आए थे और लड़की को अपने साथ ले गए। जांच के दौरान परिजनों को लड़की की कमीज की जेब से एक मोबाइल नंबर लिखा कागज मिला। नंबर पर संपर्क करने पर होशियारपुर निवासी यासीन का नाम सामने आया। पिता ने यासीन समेत पांच युवकों पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने यासीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Source: Source