प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जींद-सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम का सिरसा के चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में लाइव प्रसारण किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं को भी आमंत्रित किया गया है। पीएम मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। युवाओं को हाइड्रोजन ट्रेन की तकनीक और विशेषताओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। यह ट्रेन 89 किलोमीटर का सफर करीब दो घंटे में पूरा करेगी। ट्रेन में 10 कोच होंगे और यह अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इस रूट पर ट्रेन 14 स्टेशनों पर रुकेगी और किराया 5 से 25 रुपये के बीच रहने की जानकारी दी गई है। हाइड्रोजन फ्यूल से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला भारत दुनिया का पांचवां देश बन जाएगा। इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में हाइड्रोजन ट्रेन संचालित हो रही हैं।
Source: Source