हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बल्लभगढ़ में दीपावली के चलते बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। दिन के साथ रात में भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शराब ठेकों के आसपास खुले में शराब पी रहे पांच लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया और बाद में छोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग रेहड़ियों और ऑटो में बैठकर शराब पी रहे थे। पुलिस टीम को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग शराब की बोतलें छोड़कर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि त्योहार के कारण बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से होने वाली अव्यवस्था रोकना जरूरी है। पुलिस शराब ठेकों के आसपास खुले में शराब पीने वालों पर नजर रख रही है। दीपावली के दौरान बाजारों में निगरानी और बढ़ाई जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source