झज्जर जिले में मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सफाईकर्मियों ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालयों के गेट पर ताला लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने झज्जर और बहादुरगढ़ नगर परिषद के कर्मचारियों को कार्यालयों से बाहर निकाल दिया। इससे दोनों परिषदों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। सफाईकर्मी 6 अगस्त से मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार के आश्वासन के बावजूद उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग 13 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच हुए समझौते को लागू करना है। वे कच्चे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की भी मांग कर रहे हैं। इसके अलावा सीवरमैन और सफाई कर्मचारियों के लिए जोखिम भत्ते की मांग उठाई गई है। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की प्रतीकात्मक अर्थी भी सजाई गई। सफाईकर्मियों ने आंदोलन तेज करने और पुतला फूंकने की चेतावनी दी है। लंबी हड़ताल के कारण झज्जर और बहादुरगढ़ में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कई इलाकों में कूड़े के ढेर जमा होने से लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
Source: Source