जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 255 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को मकसूदां बाईपास पर सीजेएस स्कूल के पास गश्त के दौरान पकड़ा गया। आरोपी की पहचान तरनतारन जिले के गांव ठट्ठी खारा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत के रूप में हुई है। पुलिस टीम 9 सितंबर 2026 को इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके बैग से 255 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 1 में NDPS एक्ट की धारा 21-C के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन कमर्शियल मात्रा में है। मामले में आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इसे शहर में किसे सप्लाई करने जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
Source: Source