पंजाब के जालंधर जिले के ताजपुर गांव में पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने एक क्लीनिक पर छापेमारी की। थाना लांबड़ा क्षेत्र में स्थित किरण क्लीनिक पर यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी का नेतृत्व ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने किया। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक मेडिकल डिग्री, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र और वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। संचालक ने अधिकारियों को बताया कि उसके दस्तावेज घर पर रखे हुए हैं। अधिकारियों ने क्लीनिक में उपलब्ध दवाइयों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन दवाइयों के बिल, स्टॉक और लाइसेंस से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि संचालक और उसकी पत्नी की पास में ही गुरु कृपा हेल्थ केयर सेंटर नाम से एक दूसरी दुकान है। पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने इस दुकान का भी निरीक्षण किया। वहां भी संचालक की ओर से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच अभियान चलाया गया था। फिलहाल दोनों दुकानों से जुड़े दस्तावेजों और दवाइयों की वैधता की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source