पंजाब के जालंधर जिले के नकोदर में दो अज्ञात बदमाशों ने 78 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने तेजधार हथियार दिखाकर बुजुर्ग को डराया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे नकदी, स्मार्टफोन और एटीएम कार्ड छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की पहचान नकोदर की स्टाफ वाली गली निवासी मुनीश कुमार रत्ती के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 13 अक्टूबर को वह रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया। आरोपियों ने उनसे 400 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित ने नकोदर सिटी पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source: Source