जालंधर में ‘इंडिया टू एब्रॉड’ (I2A) इमीग्रेशन कंसल्टेंट के खिलाफ पार्टनर रमा शर्मा ने पुलिस कमिश्नर (सीपी) सतिंदर सिंह को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके पार्टनर ने फर्म के लाइसेंस का दुरुपयोग करते हुए दफ्तर का पता बदल लिया और उन्हें उनके 33 प्रतिशत हिस्से (शेयर) से वंचित रखा। रमा शर्मा ने दावा किया कि डीसी कार्यालय से जारी लाइसेंस में फर्म का पता कमल पैलेस, सिविल लाइन (दुकान नंबर 400) दर्ज है, जबकि वर्तमान में यह किसी अन्य स्थान (410/5 ए) से संचालित हो रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि फर्म के पार्टनर पर पहले भी बिना लाइसेंस काम करने के आरोप में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और नियमों के विरुद्ध जाकर उसने फिर से लाइसेंस प्राप्त कर लिया। इसके अलावा, फर्म पर नेताओं के साथ फोटो लगाकर और पंजाब सरकार से पुरस्कृत होने का झूठा दावा करके युवाओं को गुमराह करने का आरोप है। रमा शर्मा ने सीपी से मांग की है कि मामले की गहन जांच की जाए, उनके बकाया पैसों का भुगतान सुनिश्चित हो और संबंधित पार्टनर का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाए।
Source: Source