जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 गोवंशों को मुक्त कराया। कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत की। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस को 6 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोवंशों को जंगल के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम खरसोता की पुलिया के पास पहुंची। पुलिस को देखकर तस्कर गोवंशों को छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम सुधार राम के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के डड़गांव का निवासी है। मौके से बरामद सभी 14 गोवंशों की पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य जांच कराई गई। पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद जारी रहेगा।
Source: Source