जशपुर के बागबहार थाना क्षेत्र में रविवार को एक दंपती के शव खेत में अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले। मृतकों की पहचान बिन्देश्वरी नाग और उनकी पत्नी बुधनी नाग के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः 55 और 48 वर्ष बताई गई है। परिजनों को सुबह करीब छह बजे घर से 50 मीटर दूर खेत में दोनों के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पत्थलगांव एसडीओपी धुर्वेश जायसवाल ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों शव खेत में अलग-अलग स्थानों पर पेड़ों के पास मिले। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगा रही है। प्रारंभिक जानकारी में पति के शराब पीने को लेकर घर में तनाव और आए दिन विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आपसी विवाद की जानकारी मिली है, हालांकि मामले की पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Source: Source