छत्तीसगढ़ के विकासखंड पत्थलगांव की ग्राम पंचायत तमता के घुटरा पारा में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पिछले चार सालों से बेकार पड़ी है। इस परियोजना पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज तक किसी भी घर में नल से पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। गांव के करीब 50 घरों तक पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और नल कनेक्शन भी दे दिए गए हैं। कागजों में योजना को पूर्ण दिखाया गया, लेकिन हकीकत में लोग पानी के लिए दूर-दूर तक भटक रहे हैं। भीषण गर्मी में ग्रामीण मोहित व प्रकाश भोय के अनुसार भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। ग्रामीण विधायक गोमती साय से भी मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। पीएचई विभाग के अधिकारी आर.के. टंडन का कहना है कि बोरवेल खनन और जलस्रोत को लेकर तकनीकी व भूमि संबंधी अड़चनें आ रही हैं। विभाग ठेकेदार से संपर्क में है और वैकल्पिक रास्ते तलाश रहा है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण चार साल से यह टंकी केवल शो-पीस बनी हुई है। बिना पानी की यह टंकी अब जल जीवन मिशन पर सवाल खड़े कर रही है।
Source: Source