जलालाबाद की अनाज मंडी में CIA स्टाफ पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 हजार प्रतिबंधित प्रेगाबलीन कैप्सूल बरामद किए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कैप्सूल की खरीद-फरोख्त में शामिल थे। गश्त के दौरान पुलिस टीम को अनाज मंडी में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी प्लास्टिक का गट्टा फेंककर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को अनाज मंडी के शैड के पास पकड़ लिया। इसके बाद फेंके गए गट्टे की तलाशी ली गई। तलाशी में करीब 7 हजार प्रेगाबलीन कैप्सूल बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजन कुमार और अनमोल बत्रा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों में से एक कैप्सूल बेचने और दूसरा खरीदने का काम करता था। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान कैप्सूल की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी।
Source: Source