छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम को एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने पल्सर बाइक से बाजार में घुसकर यह वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, जो अपनी सोने-चांदी की दुकान लगाने आए थे। बदमाशों ने हत्या के बाद आभूषण और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने सरकार पर व्यापारियों की सुरक्षा नहीं देने का आरोप लगाया और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की तलाश जारी है। इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Source: Source