चंडीगढ़ में बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर एक प्रॉपर्टी डीलर से उसकी होंडा सिटी कार लूट ली। वारदात में छह बदमाश तीन बाइक और एक एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे थे। आरोपियों ने नशे के लिए प्रॉपर्टी डीलर से 10 हजार रुपये मांगे। पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की। इसके बाद बदमाशों ने कार की चाबी, घड़ी और मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलर को कार से बाहर निकालकर वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने गुरुवार देर रात जीरकपुर के ढकोली इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवती भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई होंडा सिटी कार बरामद कर ली है। वारदात में शामिल गिरोह के बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस तीन बाइक और एक एक्टिवा से पहुंचे अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है। पीड़ित पुलकित पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पिता संजीव के साथ प्रॉपर्टी कारोबार में हाथ बंटा रहा था। उसके पिता चंडीगढ़ से सटे कैंबवाला क्षेत्र में प्रॉपर्टी का काम करते हैं।
Source: Source