मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा से सामने आए एक हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चौंकाने वाला पर्दाफाश किया है। इस पूरे लूटकांड की जो सच्चाई सामने आई है, उसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि पीड़ित परिवार के सगे भाई और भाभी ही इस पूरी वारदात के मास्टरमाइंड (मुख्य साजिशकर्ता) निकले, जिन्होंने अपने ही परिवार के घर में डाका डालने की घिनौनी साजिश रची थी। बदमाशों ने घर में एसी (AC) सर्विसिंग करने वाले मैकेनिक बनकर एंट्री ली थी और बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने जब घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, तो एक और हैरान करने वाला सच सामने आया। वारदात को अंजाम देने के बाद एक आरोपी की बेरहमी और दुस्साहस का आलम यह था कि उसने ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गाने पर बकायदा डांस किया और इसका वीडियो भी बनाया। स्थानीय पत्रकार कर्ण मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लूटे गए माल की बरामदगी कर ली है और साजिशकर्ता भाई-भाभी समेत वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस अजीबो-गरीब और खौफनाक मामले ने स्थानीय लोगों को हैरत में डाल दिया है।
Source: Source