लुधियाना| थाना डिवीजन नंबर 2 के अंतर्गत आते इस्लामगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने और नकदी व मोबाइल छीनने की घटना सामने आई है।पुलिस को दी शिकायत में गुरुद्वारा श्री रायबरेली साहिब (इस्लामगंज) निवासी 40 वर्षीय जसपाल सिंह उर्फ सनी पुत्र शेर सिंह ने बताया कि 6 सितंबर 2026 को वह अपने भाई जसवीर सिंह के साथ धर्मा हलवाई के पास स्थित राजिंदर सिंह तोता के घर किसी काम से गए थे। जब वे आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी कालिया, कालू, राजन और नीटा सिंह अपने 2-3 अज्ञात साथियों के साथ जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने घातक हथियारों से जसपाल और उनके साथी पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित की जेब से मोबाइल फोन और करीब 6,300 रुपए की नकदी निकाल ली और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर 10 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 333, 115(2), 126(2), 191(3), 190 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source: Source