गुरुग्राम में नकली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने एक रैकेट का खुलासा किया है। विभाग ने हाई ब्लड प्रेशर की नकली दवा की खेप बरामद की है। मामले में फर्म संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि नकली दवा की सप्लाई दिल्ली स्थित एक होलसेल फर्म से की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल स्टोरों पर नकली दवा बिकने की सूचना के बाद कार्रवाई शुरू की गई। जांच में फर्म के दस्तावेज और बिल संदिग्ध पाए गए। पूछताछ के बाद मुख्य सप्लायर जुबैर को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद दवा पर एक बड़ी फार्मा कंपनी का नाम दर्ज था, लेकिन कंपनी ने इसे अपना उत्पाद मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद दवा को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत नकली घोषित किया गया। विभाग ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों और लोगों से अधिकृत स्रोतों से ही दवाएं खरीदने की अपील की है। पुलिस और ड्रग विभाग पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रहे हैं।
Source: Source