खैरागढ़ पुलिस ने अपने विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” और “ऑपरेशन तलाश” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 1 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 43 गुमशुदा लोगों को ढूंढकर उनके परिजनों से सुरक्षित मिलाया गया है। “ऑपरेशन मुस्कान” का उद्देश्य गुम हुए नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश करना है, जबकि “ऑपरेशन तलाश” के माध्यम से गुमशुदा महिला, पुरुष और बालिग व्यक्तियों को खोजा जा रहा है। पुलिस की सक्रियता से कई परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटी है। अप्रैल माह में पुलिस ने 12 नाबालिग बच्चों को दस्तयाब किया। इसके अतिरिक्त, 9 पुरुषों और 22 महिलाओं को भी खोजकर उनके परिवारों तक पहुंचाया गया। खैरागढ़ पुलिस की विभिन्न टीमों ने गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी लगातार अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और उनके प्रयासों की सराहना की है। खैरागढ़ पुलिस ने बताया है कि गुमशुदा लोगों की तलाश का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रत्येक मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
: Source