छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की गेवरा खदान से बड़े पैमाने पर डीजल चोरी का मामला सुलझ गया है। दीपका पुलिस ने इस चोरी के मुख्य सरगना नवीन कश्यप को गिरफ्तार किया है। नवीन कश्यप ‘जिला बदर’ अपराधी है और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने उसके गैंग के दो अन्य सदस्यों शब्बीर मेमन और परमेश्वर सारथी को भी पकड़ा है। ये तीनों जांजगीर क्षेत्र में छिपे हुए थे, जहां से उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से करीब 6 हजार लीटर डीजल चोरी हुई थी। इस मामले में पहले ही 12 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह गिरोह एसईसीएल की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका खदानों में डीजल चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है। सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने बताया कि नवीन कश्यप जिला बदर होने के कारण लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
Source: Source