कोंडागांव के विश्रामपुरी में इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पिटेचुआ कोटवारपारा निवासी मिथिला नेताम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मिथिला की तबीयत खराब थी और वह ब्लड टेस्ट कराने के लिए लैब टेक्नीशियन सहदेव वर्मा के घर गई थी। आरोप है कि ब्लड सैंपल लेने के बाद लैब टेक्नीशियन ने उसे इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद मिथिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे विश्रामपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के देवर विजय नेताम ने बताया कि परिवार को यह जानकारी नहीं है कि उसे कौन सा इंजेक्शन लगाया गया था। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने मिथिला के तीन बच्चों के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की है। मामले की शिकायत पुलिस में भी की गई है। विश्रामपुरी के बीएमओ डॉ. अनुराग भारती ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने लैब टेक्नीशियन सहदेव वर्मा से जवाब मांगा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source