छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के बस्तर बुडरा गांव में गुरुवार सुबह तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब एक परिवार घर के आंगन में आग जलाकर मक्का छील रहा था। इसी दौरान अचानक तेंदुआ वहां पहुंचा और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में परिवार के मुखिया देवलाल वट्टी समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में छह महीने की गर्भवती रमशीला मंडावी भी शामिल हैं। अन्य घायलों में दुआरुराम मंडावी और लता मंडावी के नाम सामने आए हैं। पांचवें घायल की पहचान की जानकारी उपलब्ध नहीं है। सभी घायलों को इलाज के लिए विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कांकेर रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण तेंदुए की मौजूदगी से चिंतित हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। ग्रामीणों से सुबह, शाम और रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है। केशकाल वनमंडल की डीएफओ दिव्या गौतम ने बताया कि बस्तर बुडरा के अलावा उदंती-सीतानदी अभयारण्य क्षेत्र में भी तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। दोनों क्षेत्रों में मिली घटनाओं को देखते हुए केशकाल वनमंडल और उदंती-सीतानदी अभयारण्य की संयुक्त टीम तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए अभियान चला रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
Source: Source