हरियाणा के कैथल जिले के गांव भाना में हथौड़े से वार कर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दोस्त उमेश दास को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गांव पाई में छिपा हुआ था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। घटना से पहले आरोपी और मृतक पिछले 15-20 दिनों से गांव भाना में गन्ना बंधाई का काम कर रहे थे। दोनों खेत में बने ट्यूबवेल कमरे में रह रहे थे। घटना वाली रात दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसे और डायरी को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मृतक पर 3000 रुपये जेब से निकालने का आरोप लगाया गया था, जिसे उसने नकार दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कमरे में पड़े हथौड़े से कामेश्वर दास के सिर और कमर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण युवक मौके पर ही बेहोश हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता बिहार निवासी राकेश ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
Source: Source