कुल्लू जिला अस्पताल में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार को भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर एसपी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। धरने के दौरान वक्ताओं ने सरकार पर सोशल मीडिया अकाउंट बंद करने और आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया। मृतक के परिजनों ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी मदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं और स्वास्थ्य निदेशक को भी इस संबंध में पत्र भेजा गया है। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि डॉक्टरों के खिलाफ 15 दिन बाद भी मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया, जबकि उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई हुई। उन्होंने मांग की है कि जांच स्थानीय डॉक्टरों के बजाय किसी स्वतंत्र एजेंसी या बाहरी विशेषज्ञों से कराई जाए। स्थिति को देखते हुए एसपी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
Source: Source