कुरुक्षेत्र में सरकारी गेहूं के स्टॉक पर पानी छिड़कने के मामले को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निलंबित इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा के खिलाफ किसानों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर किसान प्रदर्शन और रोष मार्च निकालने की तैयारी में हैं। प्रदर्शन के दौरान सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया जाएगा। किसानों का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। उनका आरोप है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में आपराधिक कार्रवाई होनी चाहिए। यूनियन ने सरकार और प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। किसान नेताओं का कहना है कि वे इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएंगे। विरोध प्रदर्शन में भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से काली पट्टी बांधी जाएगी। मामले की जांच के लिए प्रशासन ने समिति गठित की थी। जांच रिपोर्ट में इंस्पेक्टर की लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। विभाग ने उनके मुख्यालय को सिरसा निर्धारित किया है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Source: Source