हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भाजपा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने शक्तिपीठ श्री देवी कूप भद्रकाली मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। यह उनका मंदिर का पहला दौरा था। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर में विधिवत पूजा पंडित सतपाल शर्मा द्वारा करवाई गई। अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी देना सम्मान की बात है। उन्होंने संगठन की मजबूती और जनता की सेवा के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पिछली बार कमजोर रही या चुनाव हारी, वहां विशेष रूप से संगठन को मजबूत किया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा। सभी पदाधिकारियों की नियुक्तियां पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी देने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का भी उल्लेख किया। इसके बाद वह अंबाला और फिर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुईं।
Source: Source