लुधियाना में किन्नर समुदाय के लोगों ने पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए थाना डेहलों के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई। उनका आरोप है कि उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। किन्नर समुदाय ने दावा किया कि दूसरे पक्ष के लोग उनके तय क्षेत्रों में जबरन प्रवेश कर बधाई मांगने का प्रयास कर रहे हैं। इस वजह से दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कुछ दिन पहले दाना मंडी रोड पर हमला होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हमले में कई लोग घायल हुए थे, लेकिन पुलिस ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद किन्नर समुदाय ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
Source: Source