कवर्धा कोतवाली थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक शाखा के बाहर एक व्यक्ति से 3 लाख 61 हजार 900 रुपये की लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित गौवाराम वर्मा बैंक से पैसे निकालकर बाहर आए थे। वह रकम मोटरसाइकिल की डिक्की में रख रहे थे, तभी आरोपी ने नकदी छीन ली। वारदात के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन पीड़ित के शोर मचाने पर लोगों ने उसका पीछा किया। स्थानीय नागरिकों और यातायात आरक्षक की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी अरमान अली को हिरासत में लेकर पूरी लूटी गई रकम बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों ने नागरिकों और ट्रैफिक जवान की तत्परता की सराहना की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Source: Source