कवर्धा कोतवाली पुलिस ने दो सरकारी कार्यालयों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कॉपर पाइप भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी के मामले दर्ज किए गए थे। पहले मामले में जनपद पंचायत कवर्धा कार्यालय से 4 एसी के कॉपर ट्यूब और अन्य सामग्री चोरी हुई थी, जिससे करीब 32,900 रुपए का नुकसान हुआ था। वहीं, दूसरे मामले में उप संचालक कृषि कार्यालय कवर्धा से 3 एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस चोरी में करीब 24 हजार रुपए का नुकसान बताया गया। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच हुई मददगार दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पारंपरिक जांच के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पैठूपारा कवर्धा निवासी शंकर राजपूत उर्फ नरसिंग राजपूत (20) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने रात के समय दोनों सरकारी कार्यालयों में घुसकर एसी से कॉपर पाइप और अन्य सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार जांच में सामने आया कि चोरी किए गए कॉपर पाइप को आरोपी ने स्थानीय कबाड़ी बाबू खान (52), निवासी नवाब मोहल्ला कवर्धा को बेच दिया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाबू खान को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए कॉपर पाइप बरामद किए हैं। बाबू खान के खिलाफ चोरी की संपत्ति खरीदने और छिपाने के आरोप में धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
Source: Source