करनाल जिला सचिवालय स्थित SDM कार्यालय में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां लगाई गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से कार्यालय का फर्नीचर, खिड़की-दरवाजे और कई जरूरी फाइलें जलकर राख हो गईं। कुछ फाइलें आग से बच गईं, लेकिन फायर ब्रिगेड के पानी से भीगने के कारण खराब हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि खिड़कियों के रास्ते पहली मंजिल तक पहुंच गईं। गनीमत रही कि शिवरात्रि की छुट्टी होने के कारण कार्यालय में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा और SDM देवेंद्र शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आग से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। कुछ दिन पहले जिला सचिवालय में आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी हुई थी। इसके बावजूद आग की घटना ने सचिवालय की आपातकालीन तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source: Source