कपूरथला के भंडाल बेट गांव में पुलिस की निष्क्रियता से तंग आकर एक महिला शनिवार देर शाम पानी की टंकी पर चढ़ गई। पीड़िता सिमरनजीत कौर ने आरोप लगाया कि 31 मार्च को गांव के कुछ युवकों ने उनके और उनकी बहू के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े और स्कूटी भी छीन ली। महिला ने यह भी बताया कि हाल ही में उनके बेटे पर भी जानलेवा हमला किया गया था, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। न्याय न मिलने से हताश होकर उसने टंकी से कूदकर जान देने की धमकी दी। सूचना मिलते ही गांव वाले और ढिलवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब कई घंटों तक चले तनावपूर्ण माहौल के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने महिला को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। रात करीब 10 बजे महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि महिला को रविवार को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। यह घटना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
Source: Source