राजनांदगांव जिले में तिमाही परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की दोबारा जांच के निर्देश दिए गए हैं। पहली से 12वीं तक सभी कक्षाओं और विषयों के प्रश्नपत्रों की जांच की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी बीईओ को प्रश्नपत्रों की समीक्षा और आवश्यक सुधार के बाद ही उन्हें शिक्षकों तक भेजने को कहा है। पहली कक्षा की गणित परीक्षा के प्रश्नों में चित्र नहीं छपने की समस्या सामने आई थी। बच्चों को केले, फूल और छतरी के चित्रों के आधार पर गणना करने को कहा गया था। चित्र नहीं होने से विद्यार्थियों को सवाल समझने में परेशानी हुई। अन्य जिलों में भी प्रश्नपत्रों में ऐसी गड़बड़ियां सामने आने की जानकारी दी गई है। इसी को देखते हुए जिले में सभी प्रश्नपत्रों की दोबारा जांच का फैसला लिया गया। बीईओ के पास तिमाही परीक्षा के प्रश्नपत्र PDF के रूप में सुरक्षित हैं। परीक्षा के दिन इन्हें शिक्षकों को भेजा जाता है। हालांकि शिक्षकों के लिए उसी प्रश्नपत्र को बोर्ड पर लिखना अनिवार्य नहीं है। शिक्षक स्कूल स्तर पर अपनी आवश्यकता के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कर सकते हैं। सरकारी स्कूलों में 21 सितंबर से बोर्ड की तर्ज पर एक साथ तिमाही परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
Source: Source