अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने श्री अकालतख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को पत्र भेजकर एसआईटी की ओर से एसजीपीसी से मांगी जा रही वित्तीय जानकारी पर आपत्ति जताई। धामी ने पत्र में कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन 328 स्वरूपों के गायब होने के मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित हुई थी और जत्थेदार की ओर से सहयोग संबंधी फरमान के अनुरूप एसआईटी को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। धामी के अनुसार एसआईटी को जांच से संबंधित दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन हाल में एसआईटी द्वारा भेजे गए पत्रों में एसजीपीसी के समस्त बैंक खाते, लेन-देन, बैलेंस शीट और विभिन्न खातों की जानकारी मांगी गई है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि गुरबाणी के सीधे प्रसारण को लेकर निजी चैनलों के साथ हुए समझौतों का विवरण भी मांगा गया है। धामी ने इसे पावन स्वरूपों की जांच से असंबंधित बताते हुए एसजीपीसी के आंतरिक प्रबंध में दखल का आरोप लगाया और जत्थेदार से इस संबंध में योग्य आदेश जारी करने की अपील की।
Source: Source