अमृतसर के लॉरेंस रोड क्षेत्र में एक ही प्लॉट दो अलग-अलग खरीदारों को बेचने के आरोप में पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इस कथित धोखाधड़ी में करीब 70 लाख रुपये की ठगी की गई। शिकायतकर्ता ज्योति ने आरोप लगाया कि संबंधित प्लॉट का पहला इकरारनामा पहले ही एक अन्य खरीदार के नाम किया जा चुका था। इसके बाद आरोपी महिला ने उसी संपत्ति की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने पति के नाम कर दी। बाद में इसी पावर ऑफ अटॉर्नी और वसीयत के आधार पर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए। 16 जुलाई 2025 को प्लॉट को दो हिस्सों में बांटकर अलग-अलग व्यक्तियों के नाम रजिस्ट्रियां कराई गईं। जांच में सामने आया कि एक ही संपत्ति का दो बार सौदा किया गया था। मामले की जांच एडीसीपी-2 अमृतसर की निगरानी में की गई और कानूनी राय के बाद कार्रवाई की गई। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संबंधित दस्तावेजों और लेनदेन की भी जांच कर रही है। मामले में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source